पांच लाख दीयों से रोशन होगा अयोध्या का सरयू तट, बनेगा विश्व रिकार्ड
अयोध्या। अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव में इस बार प्रयुक्त होने वाली सामग्री की आपूर्ति एक ही फर्म करेगी, जिसमें दीया, बाती, सरसों का तेल, मोमबत्ती, माचिस सहित अन्य संसाधन की आपूर्ति शामिल है। इस वजह से दीपोत्सव में इस बार सामग्री के लिए आयोजकों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। अयोध्या में सरयू तट पर राम की पैड़ी पर तकरीबन पांच लाख दीये प्रज्वलित किए जाएंगे। पिछली 14 अक्टूबर को इस सामग्री के लिए टेंडर खोला गया। इसमें आपूर्ति का जिम्मा लखनऊ की एक फर्म को मिला। आपूर्तिकर्ता फर्म को दीया, बाती प्रज्वलित करने के साथ छह हजार स्वयंसेवकों की खातिरदारी का जिम्मा भी सौंपा गया है। इसमें स्वयंसेवकों को भोजन-नाश्ता व गंतव्य तक लाना एवं वापस भेजना शामिल है। दीपोत्सव में 17 सौ टिन सरसो के तेल का इस्तेमाल किया जाएगा। गत वर्षों की तरह इस बार भी रामकी पैड़ी पर दीयों को जलाने की जवाबदारी अवध विश्वविद्यालय को दी गई है। इस बार न सिर्फ घाटों की तादाद बढ़ी है, बल्कि दीयों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
रामनगरी इस बार दीपोत्सव का नया रिकार्ड बनाने को तैयार है। इसके लिए कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने टीम के साथ घाटों की मार्किंग भी शुरू कर दी है और दीये प्रज्वलित करने के लिए लेआउट भी बनाया जा चुका है।
दीपोत्सव का तीसरा संस्करण नया विश्व रिकार्ड बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड की टीम के एक सदस्य ने राम की पैड़ी का अवलोकन भी कर लिया है। नए लुक वाली पैड़ी पर किस तरह से दीयों की सजावट की जाए, जिससे ड्रोन कैमरे में यह कैद हो सके। विवि के जनसंपर्क अधिकारी आशीष मिश्र ने बताया कि संबंधित अधिकारी स्थल का जायजा ले चुके हैं।
पांच लाख दीयों से रोशन होगा अयोध्या का सरयू तट, बनेगा विश्व रिकार्ड