बढ़ती प्याज की कीमतों के बीच नाशिक में प्याज व्यापारियों के ठिकानों पर छापा
पुणे। प्याज के दामों में देश भर में एक बार फिर से जबर्दस्त तेजी आ रही है इसके चलते दिल्ली समेत कुछ राज्यों में तो यह 100 रुपए किलो के पार चले गए हैं। इसके बाद अब सरकार ने जहां प्याज विदेशों से आयात किया है वहीं देश में भी इसकी काला बाजारी पर लगाम लगाने के लिए कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आयकर विभाग ने महाराष्ट्र के नाशिक में दो प्याज व्यापारियों के ठिकानों पर छापा मारा है। जिन व्यापारियों पर छापा पड़ा है उन पर प्याज की काला बाजारी का आरोप लगा है। एक अन्य प्याज व्यापारी के अनुसार नाशिक के लासलगांव में आयकर विभाग ने दो व्यापारियों के यहां छापा मारा है। जिन पर छापा पड़ा है वो घरेलू और एक्सपोर्ट ट्रेड यूनियन से जुड़े हुए हैं। मालूम हो कि इस साल लगातार बारिश की वजह से महाराष्ट्र में प्याज की फसल को नुकसान पहुंचा है और इस वजह से राज्य में प्याज के भाव 80-90 रुपए किलो तक पहुंच गए हैं। वहीं राजधानी दिल्ली में तो यह 100 रुपए किलो तक पहुंच गया।
बढ़ती प्याज की कीमतों के बीच नाशिक में प्याज व्यापारियों के ठिकानों पर छापा