महाबोधि महोत्सव : सांची में दो दिवसीय महाबोधि महोत्सव 23 एवं 24 नवंबर को

महाबोधि महोत्सव : सांची में दो दिवसीय महाबोधि महोत्सव 23 एवं 24 नवंबर को
रायसेन। रायसेन जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सांची में संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय महाबोधि महोत्सव का शुभारंभ 23 नवंबर को शाम 07 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री डॉ विजयलक्ष्मी साधौ, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी, ग्रामोद्योग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री हर्ष यादव तथा भारत में श्रीलंका के उच्चायुक्त आस्टीन फर्नान्डो सहित वियतनाम संघ एवं उपासक मंडल शामिल होंगे।
महाबोधि महोत्सव के प्रथम दिवस 23 नवम्बर को ध्रुपद शैली में सुरेखा कामले एवं उनके साथियों द्वारा बुद्ध वंदना तथा गीत से महोत्सव की शुरूआत होगी। इसके पश्चात जापान के कलाकार माय मीचिओ यसुदा द्वारा जापान के लोकसंगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही चन्द्रमाधव बारीक के निर्देशन में जातक कथा स्वर्णमृग एकाग्र नाट्य प्रस्तुति एवं किशोर नृत्य निकेतन नागपुर द्वारा नृत्य नाटिका आम्रपाली की प्रस्तुति दी जाएगी।
महोत्सव के दूसरे दिन 24 नवंबर को श्रीलंका के लोकनृत्य तथा नृत्यनाटिका यशोधरा, भुवनेश्वर से आये अशोक कुमार घोषाल एवं साथी प्रस्तुत करेंगे। इसके पश्चात बोध विचार एकाग्र नाटिका शून्यता का मंचन होगा। इसी दिन साँची स्तूप स्थित चैत्य विहार मंदिर से भगवान बुद्ध के शिष्य महामोदग्लायन एवं सारिपुत्र की पवित्र अस्थियों की पूजा कर, स्तूपो की परिक्रमा कर प्रदर्शन के लिए रखा जाएगा।