महाराष्ट्र के सियासी घटनाक्रम के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ का ट्वीट- सत्य और प्रजातंत्र की जीत हुई
भोपाल। महाराष्ट्र के सियासी घटनाक्रम के बीच सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के बाद राजभवन में आयोजित संविधान दिवस समारोह में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अदालत की अहमियत बताई। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल लालजी टंडन की मौजूदगी में महाराष्ट्र का उल्लेख किए बिना वहां के राजनीतिक घटनाक्रम की ओर इशारा करते हुए कहा, पिछले तीन दिनों से क्या चल रहा है, यह सभी देख रहे हैं। प्रजातंत्र में अब लोगों का अदालत के प्रति ज्यादा भरोसा बढ़ा है और वे अदालत की तरफ उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। शाम को जब महाराष्ट्र में एनसीपी के अजित पवार ने उप मुख्यमंत्री पद से और बाद में भाजपा के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस्तीफा दे दिया तो सीएम कमलनाथ ने ट्वीट कर इसे सत्य और लोकतंत्र की जीत बताई। उन्होंने लिखा, आखिरकार न्याय की जीत हुई। सत्य और लोकतंत्र की जीत सुनिश्चित हुई है। संविधान दिवस पर आज महाराष्ट्र मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला स्वागत योग्य है। लोकतंत्र का मखौल उड़ाने की कोशिश आखिर नाकामयाब साबित हुई। सत्य परेशान हो सकता है लेकिन पराजित नहीं।
महाराष्ट्र के सियासी घटनाक्रम के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ का ट्वीट- सत्य और प्रजातंत्र की जीत हुई