बर्फबारी से 3 एनएच समेत 154 सड़कें बंद, 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरा प्रदेश का पारा
शिमला/कुल्लू। प्रदेश के छह जिलों शिमला, कुल्लू, चंबा, किन्नौर, लाहौल स्पीति और सिरमौर में रुक-रुक कर बर्फबारी का सिलसिला जारी है। बर्फबारी से प्रदेश में तीन एनएच सहित 154 सड़कें यातायात की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद हो गई है। वहीं तापमान में आठ से दस डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। शिमला का तापमान 13 डिग्री से लुढ़ककर 5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, यहां का न्यूनतम तापमान भी 2.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। केलांग का न्यूनतम तापमान सबसे कम माइनस 9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
बर्फबारी से एनएच-3 मनाली से लेह और एनएच 305 जलोड़ी, एनएच 505 ग्राम्फू से लोसर तक बंद है। लाहौल स्पीति की सभी 134 मार्ग यातायात के लिए बंद हो गए है। मंडी के सिराज और थुनाग में 8, शिमला के चौपाल के 5,रोहडू के 6, रामपुर में 3, कुमारसैन में 1 सड़क यातायात के लिए पूरी तरह से बंद है। ताजा बर्फबारी से रोहतांग दर्रा आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद हो गया है। रोहतांग में 5 फुट और मढ़ी में 3 फुट बर्फ गिरी: रोहतांग में सबसे अधिक 5 फुट ताजा हिमपात रिकार्ड किया गया है। मढ़ी और जलोड़ में तीन तीन फुट, सिसु में एक फुट कोकसर में एक फुट, पांगी में 4 इंच, पूह में 2, सांगला में 2, केलांग में 5 इंच, तांदी में 6 इंच काजा में 2 इंच, नारकंडा में 5, खिडकी में 6, खड़ा पत्थर में 4, और कुफरी में 2 इंच बर्फ गिरी है। शिमला शहर और जाखू में भी बर्फ के फाहे गिरे।
मनाली मॉल पर तीन इंच ताजा बर्फबारी: कुल्लू मनाली की तमाम ऊंची चोटियां बर्फबारी से पूरी तरह से लकदक हो गई है। पहाड़ियों के साथ साथ मनाली के साथ लगते सोलंगनाला,पलचान, बाहंग सहित मनाली माल रोड़ पर भी ताजा बर्फबारी हुई है। मनाली माल पर तीन इंच तक ताजा बर्फबारी हुई है। जबकि बाहंग क्षेत्र में 5 से 6 इंच, सोलंगनाला में दो फुट से अधिक बर्फबारी रिकार्ड की गई है। इसके अलावा कोठी और गुलाबा में करीब अढ़ाई फुट, मढ़ी में साढे़ तीन फुट से अधिक, रोहतांग दर्रा में पांच फुट के करीब ताजा बर्फबारी होने की जानकारी है। इसके अलावा जलोड़ीपास में भी अढ़ाई फुट से अधिक बर्फबारी होने की जानकारी है। उधर, जनजातीय जिला लाहौल स्पीति के समूचे क्षेत्र में बर्फबारी हुई है। जिला मुख्यालय केलांग में डेढ़ फुट, कोकसर, अढ़ाई फुट तक बर्फबारी होने की जानकारी है। लाहौल स्पीति में बर्फबारी होने से जिला के भीतरी मार्ग भी यातायात के लिए बंद हो गए हैं। जिससे एक गांव से दूसरे गांव तक जाने के लिए भी लोगों को कड़ी मश्क्कत का सामना करना पड़ रहा है। ताजा बर्फबारी होने से जनजातीय जिला लाहौल स्पीति और जिला कुल्लू के ऊपरी क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो गया है।
बर्फबारी से 3 एनएच समेत 154 सड़कें बंद, 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरा प्रदेश का पारा