कोरोनावायरस का असर / चीन के शेयर बाजार में 13 साल की सबसे बड़ी गिरावट, निवेशकों को 32 लाख करोड़ रुपए का नुकसान

कोरोनावायरस का असर / चीन के शेयर बाजार में 13 साल की सबसे बड़ी गिरावट, निवेशकों को 32 लाख करोड़ रुपए का नुकसान
शंघाई। कोरोनावायरस के असर की चिंताओं से चीन के शेयर बाजार में सोमवार को भारी बिकवाली हुई। शेनझेन कंपोजिट इंडेक्स में 8.5% गिरावट आ गई। यह 13 साल में सबसे ज्यादा है। शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स 7.7% गिरकर एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गया। यह चार साल की सबसे बड़ी गिरावट भी है। दोनों इंडेक्स की गिरावट से निवेशकों को 445 अरब डॉलर (32 लाख करोड़ रुपए) का नुकसान हो गया। चीन के शेयर बाजार के रेग्युलेटर ने कहा है कि बाजार की गिरावट से प्रभावित कंपनियों को 2019 के सालाना और 2020 के तिमाही नतीजे घोषित करने के तय समय में छूट दी जाएगी।
केंद्रीय बैंक ने सिस्टम में 12 लाख करोड़ रुपए बढ़ाए, फिर भी करंसी में गिरावट
चीन की करंसी में भी सोमवार को तेज गिरावट आई। वहां की मुद्रा युआन 1.5% गिरकर 7 युआन प्रति डॉलर के नीचे आ गई। चीन के केंद्रीय बैंक ने सिस्टम में नकदी बढ़ाकर गिरावट रोकने की कोशिश की, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। सेंट्रल बैंक ने रविवार को ही कह दिया था कि शॉर्ट टर्म बॉन्ड की खरीदारी के जरिए बैंकिंग सिस्टम में 173 अरब डॉलर (12.36 लाख करोड़ रुपए) की रकम डाली जाएगी, ताकि बैंकों की कर्ज क्षमता बढ़ सके और करंसी बाजार स्थिर रहे।