मप्र: टीकमगढ़ में खदान धंसी; 2 महिलाओं की मौत, 8 घायल, 3 की हालत गंभीर

मप्र: टीकमगढ़ में खदान धंसी; 2 महिलाओं की मौत, 8 घायल, 3 की हालत गंभीर
टीकमगढ़।  कुडीला थाना क्षेत्र में धसान नदी के पचेर घाट के पास मिट्टी की खदान धसकने से 2 महिलाओं की मौत हो गई। करीब 6 महिलाएं और 2 पुरुष घायल हो गए। खदान में अभी कितनी महिलाएं दबी हैं, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं है। संभावना जताई जा रही है कि खदान में महिलाओं के साथ कुछ बच्चे भी दबे हो सकते हैं। जेसीबी के मदद से धंसी खदान की मिट्टी निकाली जा रही है। घटनास्थल पर जिला प्रशासन के अधिकारी रवाना हो गए। घायल महिलाओं और पुरुषों को छतरपुर जिला अस्पताल लाया गया। 
धसान नदी के पचेर घाट करीब 100 से अधिक आदिवासी परिवार रहते हैं। दोपहर 12 बजे के करीब गांव की महिलाएं खदान में मिट्टी खोद रही थी, इसी दौरान खदान का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया। खदान में 2 पुरुष पहले से खुदाई कर रहे थे। खदान की बाहर की तरफ खुदाई कर रही महिलाएं जैसे-तैसे बाहर निकली और घटना की जानकारी परिजन को दी।
आदिवासियों ने अपने स्तर पर रेस्क्यू शुरू करने के बाद कुडीला थाना को सूचना दी। एंबुलेंस मौके पर पहुंची। तब तक ग्रामीण एक दर्जन घायल महिलाओं को खदान से निकाल चुके थे। घायल महिलाओं और पुरुषों को ईशानगर अस्पताल पहुंचाया गया, यहां से सभी को छतरपुर रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टर ने 2 महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में 6 महिलाओं और 2 पुरुषों का इलाज किया जा रहा है। इसमें 3 की हालत गंभीर बनी हुई है।