चखिए संजीवनी बूटी का स्वाद, इंफेक्शन से लेकर कैंसर तक में फायदेमंद

चखिए संजीवनी बूटी का स्वाद, इंफेक्शन से लेकर कैंसर तक में फायदेमंद
कानपुर। हिमालय की पहाड़ियों में पाई जाने वाली संजीवनी बूटी का स्वाद अब आप भी चख सकेंगे। वह भी स्वादिष्ट जूस के रूप में। संजीवनी बूटी का 200 मिली का जूस सिर्फ 25 रुपए में उपलब्ध होगा। आईआईटी कानपुर के स्टार्टअप मेडिटेस्टी ने लंबे शोध के बाद इसकी शुरूआत की है।
यह जूस पूरी तरह हाइजेनिक और न्यूट्रीशन से भरपूर है। इसमें किसी भी तरह के केमिकल प्रिजर्वेशन का प्रयोग नहीं किया गया है। साथ ही यह इंफेक्शन से लेकर कैंसर की बीमारी में भी फायदेमंद है।
आईआईटी कानपुर का स्टार्टअप मेडिटेस्टी डॉ. सोमेश कुमार का है। मूलत: नैनीताल के रहने वाले सोमेश ने आईआईएम, अहमदाबाद से मैनेजमेंट की डिग्री ली है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से भारतीय मसालों का चिकित्सीय उपयोग विषय में पीएचडी की है। डॉ. सोमेश ने बताया कि दो साल पहले उनका एक्सीडेंट हो गया था। वे गंभीर रूप से घायल हुए थे।
इलाज के दौरान घर में आराम कर रहे थे। डॉक्टर ने जूस का सेवन करने को कहा था। जूस में केमिकल प्रिजर्वेशन का प्रयोग किया जाता है, जो कहीं न कहीं नुकसान करता है। तभी ख्याल आया कि ऐसा जूस तैयार किया जाए, जो पूरी तरह नेचुरल हो और उसमें केमिकल प्रिजर्वेशन का प्रयोग न हो।
आईआईटी में स्टार्टअप का आयोजन हुआ तो उन्होंने भी अपना आइडिया प्रस्तुत किया। सभी को खूब पसंद आया। आईआईटी और टाई-यूपी की मदद से इस आइडिया को हकीकत में बदलना शुरू किया। अब कई जूस बाजार में उतारे जा रहे हैं। किसी भी बॉटल जूस में केमिकल प्रिजर्वेशन का प्रयोग नहीं किया गया है। 
मंगोलिया से आ रही संजीवनी बूटी- डॉ. सोमेश ने बताया कि संजीवनी बूटी द्रोणागिरी पर्वत से लेकर मंगोलिया तक मिलती है। ट्रायल के समय लेह-लद्दाख से संजीवनी बूटी मंगाई जा रही थी। अब ये बूटी मंगोलिया से मंगाई जा रही है। वहां वातावरण पूरी तरह शुद्ध है। 
इंफेक्शन से कैंसर तक में उपयोगी- डॉ. सोमेश ने बताया कि क्लीनिकल ट्रायल में संजीवनी बूटी के जूस का फायदा सामान्य इंफेक्शन से लेकर कैंसर तक में मिला है। अगर इसका प्रयोग नियमित रूप से किया जाए तो यह अधिकांश बीमारियों में कारगर साबित होगा। 
100 फीसदी नेचुरल है नारियल पानी- आईआईटी कानपुर में रविवार को मेडिटेस्टी के नारियल पानी की लांचिंग की गई। इसका शुभारंभ आईआईटी कानपुर के प्रो. बीवी फणी ने किया। डॉ. सोमेश ने बताया कि यह नारियल पानी 100 फीसदी नेचुरल है। इसमें वास्तविक नारियल पानी की तरह सभी न्यूट्रीशन मौजूद रहेंगे। इसमें किसी तरह के केमिकल प्रिजर्वेशन का प्रयोग नहीं हुआ है।
200 मिली नारियल पानी जूस की कीमत 25 रुपए रखी गई है। जबकि अगर वास्तविक नारियल पानी लिया जाए तो करीब 120 मिली की कीमत 40 रुपए के करीब होती है। इस जूस का स्वाद एक समान होगा।